उत्तरप्रदेश से मोस्ट वांटेड गैंगस्टर जयपाल भुल्लर ने संभाली पंजाब अंडरवर्ल्ड की कमान!

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : पंजाब अंडरवर्ल्ड के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद पुलिस जश्न के मूड में है।…

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : पंजाब अंडरवर्ल्ड के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद पुलिस जश्न के मूड में है। हो भी क्यों नहीं, एक ऐसा गैंगस्टर जिसकी परछाई तक पुलिस नहीं पकड़ पाई थी, अचानक से उसका एनकाउंटर हो जाता है। पंजाब पुलिस की तो मानों मन चाही मुराद पूरी हो गई हो। लेकिन, पुलिस के लिए एक बुरी खबर है। गौंडर के एनकाउंटर के बाद जयपाल भुल्लर उर्फ मनजीत ने गैंग की बागडोर अपने हाथों में ले लिया है। इस खबर के बाहर आने के बाद पुलिस ने उस पर दबाव बनाना शुरू किया। सूत्रों के अनुसार जयपाल अभी ना तो पंजाब में है, ना हरियाणा में और ना ही राजस्थान में। वो पंजाब पुलिस की पकड़ से बहुत दूर निकल चुका है।

हिमाचल से निकललर सहारनपुर पहुंचा जयपाल

बताया जाता है कि विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर की खबर तुरंत फैल गई। इधर दोनों का एनकाउंटर होता है और हिमाचल में बैठे जयपाल भुल्लर का मोबाइल घनघनाने लगता है। एनकाउंटर के कुछ मिनट बाद ही जयपाल को पता लग जाता है कि पंजाब पुलिस ने उसके दोस्त गौंडर और लाहौरिया का काम तमाम कर दिया है। जयपाल गैंग के दूसरे गुर्गों से बात करके स्थिति की जानकारी लेता है। सभी को शांत रहने की सलाह देता है और तुरंत ठिकाना बदलता है। जयपाल के अभी उत्तरप्रदेश के सहारनपुर में छिपे होने की आशंका है। जयपाल सहारनपुर में बैठकर गैंग की बागडोर संभाले हुए है। इसके साथ ही वो पंजाब अंडरवर्ल्ड और पुलिस के मूवमेंट की हर छोटी और बड़ी खबर भी ले रहा है।  

उत्तरप्रदेश से पाकिस्तान तक जयपाल का नेटवर्क

जयपाल भुल्लर को विक्की गौंडर का सबसे खास सहयोगी माना जाता है। हिमाचल में गैंगस्टर रॉकी की हत्या के बाद अचानक जयपाल पुलिस की रडार पर आ गया था। विक्की गौंडर लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर पंजाब अंडरवर्ल्ड में अपना सिक्का जमा रहा था। जबकि जयपाल भुल्लर पंजाब के अलावा दूसरे राज्यों और पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर्स से दोस्ती गांठता रहा। कहा जाता है कि विक्की गौंडर को पाकिस्तान भगाने का सारा प्लान जयपाल ने ही तैयार किया था। जयपाल के सहारे गौंडर, लाहौरिया के साथ पंजाब-राजस्थान सीमा पर बसे हिंदूमल कोट गांव पहुंचा था। लेकिन, विक्की की किस्मत के साथ ही दोस्ती ने भी दगा दे दिया। 26 जनवरी को पुलिस ने दोनों को मार गिराया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *