विक्की गौंडर गैंग को मिल गया ISI का चहेता वारिस, खौफनाक वारदात को अंजाम देने में माहिर!

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर की मौत के बाद उसके साम्राज्य के वारिस का ऐलान हो गया है। जी हां, आपने…

ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विक्की गौंडर की मौत के बाद उसके साम्राज्य के वारिस का ऐलान हो गया है। जी हां, आपने सही पढ़ा, विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद उसके दोस्त गैंगस्टर जयपाल भुल्लर उर्फ मनजीत ने गैंग की कमान संभाल ली है। जयपाल को विक्की को सबसे खास सहयोगी में एक माना जाता है। वो सुक्खा काहलवां मर्डर में भी विक्की गौंडर के साथ था। मतलब, साफ है कि विक्की गौंडर का गैंग चैन से पुलिस को बैठने नहीं देना चाहता है। उधर, इस खबर के सामने आते ही पुलिस के होश उड़ चुके हैं।

पिता पुलिस में थे, लेकिन बेटा बना गैंगस्टर

जयपाल भुल्लर के पिता भूपिंद्र सिंह पंजाब पुलिस के रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर हैं। पिता पुलिस में थे बावजूद जयपाल ने गैंगस्टर बनने का रास्ता चुना। एकबार वो अपराध की दुनिया में दाखिल हुआ तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। अंडरवर्ल्ड में उसका नेटवर्क इतना तगड़ा है कि पुलिस उसकी परछाई तक को नहीं पकड़ पाई है। कहा जाता है कि जयपाल पुलिस के सामने भी खड़ा हो जाए तो उसे नहीं पहचाना जा सकता है। हालांकि, पुलिस उसके परिवार पर नजर रख रही है। लेकिन, पुलिस को चकमा देने में माहिर जयपाल का कुछ पता नहीं चल सका है।

गैंग को एकजुट करने में जुटा जयपाल भुल्लर!

विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद जयपाल ने गैंग की बागडोर संभाल ली है। सबसे पहले वह गैंग को एकजुट करने में जुट गया है। जयपाल पर 43 संगीन मामले दर्ज हैं। जयपाल के साथ फरीदकोट के तीर्थ सिंह ढिल्लवां, लुधियाना के बिल्ला ख्वाजके के साथ ही उत्तरप्रदेश का कुख्यात शूटर असलम भी है। असलम को पुलिस ढूंढ रही है, लेकिन उसका पता किसी को नहीं है। वहीं जयपाल और असलम एक-दूसरे के लगातार में हैं। इसके साथ ही फिरोजपुर जेल में बंद चांद मोहम्मद उर्फ चंदू भी उसके साथ आ चुका है। चंदू जेल से ही अवैध वसूली भी करता है।

जयपाल पर दर्ज कई संगीन आपराधिक वारदात

जयपाल पर पुलिस फाइल में कई संगीन मामले दर्ज हैं। फिरोजपुर, लुधियाना, तरनतारन में मर्डर हो या लुधियाना के व्यवसायी पंकज अग्निहोत्री से 60 लाख की लूट हो, उसने एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम दिया है। यहां तक कि जयपाल ने राजस्थान के किशनगढ़ में भी आपराधिक वारदात को अंजाम दिया है। लुधियाना के चिराग अपहरण के मास्टरमाइंड जयपाल को पुलिस तमाम कोशिशों के बाद भी नहीं पकड़ पाई है। जयपाल का ड्रग्स रैकेट से भी कनेक्शन है। उसका नेटवर्क पंजाब, राजस्थान से लेकर पूरे देश और पाकिस्तान तक फैला है।

हिमाचल में रॉकी की हत्या के बाद चर्चा में आया

विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद उसके गैंग ने भी जयपाल को अपना बॉस मान लिया है। दरअसल, जयपाल एक खूंखार गैंगस्टर है और उसे पुलिस से भी डर नहीं लगता है। हिमाचल में गैंगस्टर रॉकी की हत्या के बाद उसने फेसबुक पर पोस्ट करके इसकी जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद पुलिस से लेकर पंजाब अंडरवर्ल्ड में खलबली मच गई थी। इस घटना के बाद विक्की गौंडर ने जयपाल भुल्लर को अपना दायां हाथ घोषित कर दिया। दूसरी तरफ जयपाल भुल्लर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भी लगातार कॉन्टैक्ट में है।

विरोधियों से दोस्ती की कोशिश में जुटा जयपाल

विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद जयपाल भुल्लर ने गैंग की कमान तो संभाल ली है, लेकिन वो अब गैंग को मजबूत करने की कोशिश में जुटा हुआ है। यहां तक कि जयपाल विरोधियों तक दोस्ती का पैगाम पहुंचा चुका है। उसने साफ-साफ कह दिया है कि एकसाथ मिलकर काम करने पर ज्यादा फायदा मिलेगा। वहीं पंजाब पुलिस पर हमला करने में भी आसानी होगी। दरअसल, गौंडर गैंग के निशाने पर पंजाब पुलिस के चुनिंदा अफसर हैं। इसकी घोषणा गौंडर गैंग के सहयोगियों ने भी सोशल साइट्स पर पहले ही कर दी है।

खुफिया एजेंसी ISI से जयपाल के नजदीकी रिश्ते

यह पहले भी कहा जा चुका है कि पंजाब के गैंगस्टर्स की पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से गहरे ताल्लुकात हैं। विक्की भी मारे जाने के पहले ISI के लगातार संपर्क में था। हकीकत में गौंडर और ISI के बीच दोस्ती साधने का काम जयपाल ने किया था। जयपाल ने ही विक्की गौंडर की बातचीत ISI के कुछ अधिकारियों से कराई थी। गौंडर के बाद सिर्फ जयपाल का गैंग ही ऐसा है, जिसकी मदद ISI कर रहा है। जयपाल ने पूरी कोशिश की थी विक्की गौंडर को पाकिस्तान भेजने की, लेकिन इसके पहले ही पुलिस ने उसका एनकाउंटर कर दिया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *