ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : गैंगस्टर विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद पंजाब के अंडरवर्ल्ड में एक बड़ा सवाल उठा है कि उसकी जगह कौन लेगा। गौंडर के गैंग हों उसके सहयोगी, सभी इसकी दावेदारी कर रहे हैं। दूसरी तरफ, एक खतरनाक गैंगस्टर का नाम भी सामने आ रहा है। वो गैंगस्टर जिसे लड़कियों का शौक है। वो करोड़ों के साम्राज्य का मालिक है और जो जेल के अंदर रहे या बाहर, पंजाब से लेकर राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक उसके नाम का डंका बजता है। जी हां, हम बात कर रहे हैं गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की। वही लॉरेंस बिश्नोई, जिसने हाल ही बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी दे डाली थी।

दरअसल, लॉरेंस बिश्नोई राजस्थान के साथ ही पंजाब और हरियाणा के अंडरवर्ल्ड में एक बहुत बड़ा नाम है। गैंगस्टर आनंदपाल के एनकाउंटर के बाद उसने बदला लेने की घोषणा की तो राजस्थान पुलिस के होश उड़ गए। लॉरेंस फिलहाल पंजाब के फरीदकोट जेल में बंद है। उसे अच्छे कपड़े पहनने के साथ ही बॉडी बनाने का शौक है। जेल में रहते हुए भी वह बॉडी बिल्डिंग करता रहता है। हैरानी की बात यह है कि वह फेसबुक पर भी लगातार पोस्ट्स करता है। पुलिस कई बार उसके सेल से मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इसके बावजूद उसके शाही शौक पर अभी तक रोक नहीं लगाई जा सकी है। लॉरेंस बिश्नोई मजे से जेल में सजा काट रहा है।
लॉरेंस बिश्नोई भले ही दिखने में सीधा-सादा लगे, लेकिन उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, वसूली, आर्म्स एक्ट के 20 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। यहां तक कि दिल्ली तक में उसे आपराधिक वारदात को अंजाम देने की सुपारी दी जाती है। और, लॉरेंस बिश्नोई बड़े आराम से जेल में रहते हुए भी अपने गुर्गों से वारदातों को अंजाम दिलावाता है। 11 फरवरी 2011 को बिश्नोई पर पहला मामला दर्ज हुआ था और इसके बाद देखते ही देखते वो अपराध की दुनिया का बेताज बादशाह बन गया। विक्की गौंडर के एनकाउंटर के बाद बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या लॉरेंस बिश्नोई उसकी जगह भरेगा? इसका जवाब तो आने वाले वक्त में सही से मिलेगा।
