ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : हिन्दू पंचांग के अनुसार माघ माह की शुक्ल पक्ष पंचमी को ज्ञान और वाणी की देवी मां सरस्वती की पूजा की जाती है। माता सरस्वती की आराधना सभी करते हैं। छात्रों में पूजा को लेकर विशेष उल्लास देखा जाता है। अगर आप भी माता सरस्वती की आराधना कर रहे हैं तो सबसे पहले उनकी तस्वीर और प्रतिमा को रखें। फिर कलश स्थापित करके गणेश और नवग्रह की विधिवत पूजा करें। पूजा करने के बाद मां की आराधना करें।
मां सरस्वती को श्वेत रंग पसंद
सबसे पहले मां का आचमन कराकर उनको स्नान कराएं। इसके बाद उन्हें सिंदूर और श्रृंगार की वस्तुएं अर्पित करें। माता के चरणों में गुलाल भी अर्पित करें। माता सरस्वती को सफेद वस्तुएं पसंद हैं। वो सफेद वस्त्र धारण करती हैं और सफेद हंस पर विराजमान रहती हैं। पूजा के दौरान मां को सफेद फूल अर्पित करें, लेकिन ध्यान रखें कि मां को पीले फल अर्पित किए जाने चाहिए।
मां की पूजा के बाद हवन जरूरी
मां सरस्वती की पूजा के बाद हवन आवश्यक माना जाता है। पूजा के बाद सभी सम्मिलित रूप से हवन में भाग लें। हवन के लिए कुंड के स्थान का निर्धारण करके उसे गंगाजल से पवित्र कर लें। फिर भगवान गणेश और नवग्रह का आह्वान करके ‘ओम श्री सरस्वत्यै नम: स्वाहा’ मंत्र से 108 बार मां का हवन करना चाहिए। हवन के बाद आरती करके प्रसाद वितरित करें।
विर्सजन के पूर्व पालन करें ये नियम
पंचमी को माता की पूजा के बाद षष्ठी की तिथि को उन्हें विसर्जित किया जाता है। षष्ठी को विसर्जन के पूर्व सुबह में उनकी पूजा करें। इसके बाद संध्याकाल में प्रतिमा और तस्वीर को सरोवर या नदी में प्रवाहित कर दें। भारतीय संस्कृति में बसंत पंचमी के साथ ही होली की शुरूआत भी मानी जाती है। यही कारण है कि विर्सजन के पूर्व एक-दूसरे को गुलाल लगाया जाता है।

