ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: हिमाचल चुनाव से पहले ही बसपा को तगड़ा झटका लगा है। मैदान से पहाड़ चढ़ने निकली मायावती का हाथी बीच रास्ते में साथ छोड़ गया। जी हां रविवार को कांगड़ा नगर परिषद मैदान में होने वाली मायावती की रैली इसलिए स्थगित हो गई, क्योंकि मैदान में लगाई गई अधिकांश कुर्सियां खाली पड़ी हुई थी। हालांकि बसपा उम्मीदवार के साथ-साथ पार्टी नेताओं ने रैली को सफल बनाने और भीड़ जुटाने की लाख कोशिश की थी, लेकिन अंतिम समय में उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
मतदान को अभी कुछ दिन शेष हैं, लेकिन यहां की जनता ने सीधे तौर पर अपना संदेश बसपा सुप्रीमो मायावती तक पहुंचा दिया। बहरहाल, प्रदेश में जैसे-जैसे 9 नवंबर का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे चुनावी सरर्गिमां तेज होती जा रही हैं। प्रचार में आगे चल रही बीजेपी को टक्कर देने के लिए कांग्रेस ने भी मैदान में पांव जमा दिए हैं। सोमवार को कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी हिमाचल में तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

