‘चले गए वो लोग’ जिन्हें जिंदगी में आना और टिकना था!

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : कविताएँ हमारे मर्म को छूती हैं और स्मृतियों का कोना बुहारती हैं तो कई ऐसी चीजें मिल जाती हैं जिन्हें हम…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : कविताएँ हमारे मर्म को छूती हैं और स्मृतियों का कोना बुहारती हैं तो कई ऐसी चीजें मिल जाती हैं जिन्हें हम प्रायः अपने अवचेतन में दबा कर रखते हैं। अपने बीते की खोज और उसकी महत्ता का बयान अतीतमोह कहकर ख़ारिज कर देना आसान है, किन्तु उसे आज भी सहेजने-संवारने का संकल्प लेना टेढ़ी खीर है।

www.livingindianews.co.in के नए कॉलम ‘साहित्य’ के लिए इस बार हमारे पास वाराणसी से एक कविता आई है। लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता की कविता ‘चले गये वे लोग’ को पढ़कर आपको जिंदगी और इसमें व्याप्त संघर्षों का पता चलेगा। पढ़िए ये कविता और समझिए शब्दों के रास्ते जिंदगी के वास्तविक मर्म को।

चले गये वे लोग

– लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता

चले गये वे लोग
अपने जीवन से थककर नहीं
हमारी बासी होती ज़िंदगी से ऊबकर उन्हें ईर्ष्या थी ठंडेपन से
वे सिर्फ़ चीज़ों में ही नहीं चाहते थे गर्मी
संबधों में भी ताप बनाये रखना चाहते थे
वे दिनभर की गर्मी को दबोच लेते थे खुरदरी लक़ीरों वाली मुट्ठियों में
ओढ़ लेते थे फटे हुए तलवों के चारों ओर
अगली सुबह तक के लिए पर्याप्त गर्मी
वे सर्दीली रातों में आग से नहीं
इसकी-उसकी चिंताओं से गर्म होते थे।

चले गये वे लोग
जो दोपहर में आये अतिथि को
रोक लेते थे यह कहकर
कि ठहर जाओ, अभी रात होनेवाली है
यकीनन, वे लोग रात को आसमान से नहीं
ज़मीन से जानते थे
उन्हें पता था कि रात की चादर
हवा में नहीं बुनती
वह हमारे ज़ेहन में रच-बुन जाती है।

चले गये वे लोग
जिनके लिए घर का खालीपन
जीवन में खालीपन होता था
द्वार का सन्नाटा होता था
आंखों में गहरे तक समा जाने वाला सूनापन
वे लोग हमेशा ही आंखों से बुझते थे
अंतरात्मा से कभी नहीं बुझते
उनकी आत्माएं
सिर्फ़ उन्हीं में नहीं बसती थीं
वे जग के सारे चर-अचर में विराजती थीं
तभी तो वे अपने पुरखों पुरनियों को।

मरने के बाद भी
देख लेते थे
किसी फूल में
किसी सर्प में
किसी चिड़िया में
किसी पशु में
या फिर घर के आसपास
अभी अभी जन्मे
किसी बच्चे में।

(समाप्त)

सहायक प्रोफेसर, हिंदी विभाग,
डी.ए.वी. काॅलेज
वाराणसी,
मो. : 09455107472
ईमेल : lakshman.ahasas@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *