बारिश और विशुद्ध प्रेम की व्यथा…

  मैंने देखा है, बारिश में गीले खेतों में उगते दूब को वो दूब जो हल्की हरी और कोमल सी, बताती है नादानी की परिभाषा…

 

मैंने देखा है, बारिश में गीले खेतों में उगते दूब को
वो दूब जो हल्की हरी और कोमल सी,
बताती है नादानी की परिभाषा
जिसकी हर पत्तियों पर ज़मे बारिश के हर कतरे में,
संतरंगी रंगों सा तुम्हारा चेहरा दमकता है
ये महसूसने की कलाकारी है तुम्हें,
जो अटूट प्रेम का हुनर सीखा देता है
बस, धीरे-धीरे।

मैंने देखा है, बारिश में गीली हुई पगडंडी पर चलकर
जैसे मिट्टी श्रृंगार करती है मानव तन का,
वो गहरे रंग पर उकेरती है प्रकृति का सौंदर्य
जिसमें तुम्हारा अक्स छलकता है रह-रहकर,
ये मिट्टी जो बदन से लिपटते ही
तुम्हारी यादों का सरमाया सौंप जाती है,
बस, धीरे-धीरे।

मैंने देखा है, बैलों के साथ किसानों को बारिश में
वो खुद के साथ बैलों को जोतते हैं खेतों में,
बारिश की बावजूद उनके माथे नहीं भींगते
वो तो मेहनत के पसीने से तर-बतर हो जाते हैं,
और वो पसीना नहीं रहता
वो रगों में बहता प्रेम बनकर रिसता है,
बस, धीरे-धीरे।

मैंने देखा है, डूबते सूरज के साथ घर लौटते
उस किसान का हाथ खाली रहता है,
बदन पर लगी मिट्टी सिमटती जाती है
लेकिन वो हताश नहीं होता,
आने वाले कल के प्रेम का अहसास
उसके चेहरे पर मुस्कुराहट बनकर तैरता है,
बस, धीरे-धीरे।

ये दूब, ये मिट्टी, ये पसीना और ये किसान
सब अलग-अलग होते हैं,
लेकिन इन्हें जोड़ती है बारिश एकसाथ
हर साल ये सिलसिला चलता है
फसल पकती है और कट जाती है,
किसान जन्मता है और मर जाता है हर साल
बस बारिश रह जाती है अमर,
विशुद्ध प्रेम की व्यथा लिए हर साल
मैंने देखा है इन सबको,
बस, धीरे-धीरे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *