न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : पूर्व कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया है। धोनी ने कैप्टन के तौर पर टीम इंडिया को 50 ओवर और टी-20 फार्मेट में विश्व कप का खिताब दिलाया था। धोनी की कप्तानी में टीम ने 2013 में चैंपियंस ट्राफी का खिताब भी जीता थी। टेस्ट में भी धोनी की कप्तानी ने कमाल दिखाया था, जिसके कारण भारत 2009 में टेस्ट रैंकिंग में पहले पायदान पर आया था। हम आपको बताते हैं आखिर क्यों है 24 सितंबर टीम इंडिया और धोनी के लिए खास।
महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में ही टीम इंडिया ने 24 सितंबर 2007 को टी-20 का विश्व कप ट्राफी जीता था। टी-20 का यह पहला वर्ल्ड कप था, जिसे भारत ने जीतने में सफलता हासिल की थी। सबसे बड़ी बात यह रही कि टीम में दिग्गज की जगह युवा खिलाड़ियों को मौका मिला था। और युवा खिलाड़ियों ने भारतीय खेलप्रेमियों को निराश नहीं किया। टीम ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची थी। फाइनल में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।
