न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : मूसलाधार बारिश ने दूसरे दिन बुधवार को भी मुंबई की रफ्तार रोक दी। बारिश के कारण गाड़ियों पर ब्रेक लग गए तो हवाई सेवा और ट्रेन परिचालन भी बाधित रहा। BMC ने बताया कि बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन सेल को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं बुधवार तक स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई थी। दक्षिण मुंबई, बोरीवली, कांदिवली, अंधेरी को बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। हालांकि अभी तक कहीं से अभी तक अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
बारिश के कारण 50 से ज्यादा फ्लाइट रद किए गए। वहीं बारिश के कारण यातायात भी बाधित रहा। पानी जमा होने के कारण कई रूटों को बदला भी गया है। मंगलवार से लेकर बुधवार तक कोलाबा मौसम विज्ञान ने 210 मिमी जबकि सांताक्रूज मौसम विज्ञान केंद्र ने 303 मिमी बारिश का रिकॉर्ड दर्ज किया है। बताया जाता है कि बारिश के कारण मंगलवार की रात एक निजी विमान रनवे पर फिसल गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण पैसेंजर्स को एयरलाइंस की तरफ से एडवाइजरी भी जारी की गई है।
बता दें कि बारिश के कारण मुंबई की रफ्तार थम गई है। वहीं सितंबर महीने में 12 घंटे के अंदर मौसम विज्ञान केंद्र ने दूसरी सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड दर्ज किया है। हालांकि बारिश के बावजूद मुंबई के लोगों को उत्साह नहीं थमा। बारिश कम होने पर कई बच्चे पानी में खेलते हुए भी दिखे। कई लोगों को समुद्र किनारे देखा गया। दूसरी तरफ BMC ने लोगों से सावधानी बरतने की बात भी कही है ताकि किसी तरह की अनहोनी ना हो। वहीं BMC किसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
