न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : अगर आप जल्दबाजी में रेल यात्रा के दौरान आधार कार्ड की हार्ड कॉपी लेकर नहीं जाते हैं तो डरने की कोई बात नहीं है। अब आप पहचान पत्र के दौरान अपना एम-आधार भी दिखा सकते हैं। अगर टीसी आपसे टिकट की मांग करता है तो बस एम-आधार दिखा देने से ही काम चल जाएगा। आपको दूसरे और किसी कागजात को साथ ले जाने की जरूरत नहीं है। पहले यात्रियों को आधार कार्ड की हार्ड कॉपी के साथ ही दूसरे कागजात लेकर यात्रा करनी पड़ती थी।
दरअसल केंद्र सरकार ने डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए एम-आधार (mAadhaar) एप लॉन्च किया है। इस एप को फिलहाल एंड्रायड फोन यूजर्स के लिए लॉन्च किया गया है। आप एक बार इस एप को डाउनलोड कर लें और खुद को रजिस्टर करें। इसके बाद किसी तरह का डॉक्यूमेंट अपने पास नहीं रखें, बस मोबाइल हाथ में रहेगा तो रेलवे आपकी यात्रा मंगलमय बनाने में कोई परेशानी खड़ी नहीं करेगा। लेकिन जरूरी शर्त यह है कि आपका मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा हुआ हो।

