न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : SYL (सतलुज यमुना लिंक नहर) पर सुप्रीम कोर्ट में 7 सितंबर को सुनवाई होगी। इससे पहले ही पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया कि फांसी देने वाला ही अब कैसे बचा सकता है। इस मसले को कांग्रेस की सरकारों ने ही उलझाया है। स्वर्गीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने SYL से हरियाणा को पानी देने का फैसला लिया था, उसके बाद वह नहर खोदने के लिए पंजाब आईं और कैप्टन ने उनका स्वागत किया था।
इस दौरान बादल कैप्टन सरकार के रोजगार मेलों को पर भी बरसते नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के समय में हर घर सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, जो सरकार का प्रदेश की जनता के साथ एक बड़ा फ्राड और धोखा था। इसे कवर करने के लिए सरकार ऐसी चीजें कर रही है। किसानों के मुद्दे पर बादल का कहना था कि कर्ज माफी को लेकर किसी कमेटी के बनाए जाने की जरुरत ही नहीं थी। कमेटी क्या देखेगी कर्ज तो सरकार ने माफ़ करना है।
क्या कहा पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल ने :-
- कांग्रेस पार्टी ने ही उलझाया SYL का मुद्दा

- क्रॉप लोन को लेकर सरकार कर रही ड्रामा
- चुनाव में सिर्फ वोट के लिए किया गया वादा
- पांच साल मौज करने आए CM अमरिंदर
- अमन-शांति से मान लें अदालत का फैसला
- संस्कृति और इतिहास का जिंदा रहना जरूरी
उन्होंने बताया कि दूसरे प्रदेश की सरकारों ने भी बिना किसी कमेटी के कर्ज़ माफ़ी का फैसला लिया। असल में अब सरकार क्रॉप लोन को लेकर भी ड्रामा कर रही है। क्रॉप लोन की एक सीमा होती है यह 6 महीने के लिए मिलता है और इसे 6 महीने में वापस करना होता है। किसान पर इस वक्त बैंकों और आढ़तियों का सबसे बड़ा कर्ज है जिसे माफ़ माफ़ करने की जरुरत है। बादल का कहना था कि कैप्टन ने चुनावी घोषणापत्र में जो वादे किए वो केवल वोट लिए थे।
बादल ने कहा कि CM कैप्टन अमरिंदर सिंह कहते हैं कि उन्हें अगला चुनाव नहीं लड़ना है, जिसके चलते अब वो पांच साल मौज करने आए हैं। कैप्टन के विदेश दौरे पर कहा कि स्टेट के लिए जो अच्छा है वो करें। हम ‘अपोजिशन फ़ॉर अपोजिशन’ नहीं हैं बल्कि हम राज्यों के हक को लेकर सरकार के साथ हैं। हमने धार्मिक यात्रा, आटा दाल स्कीम एवं यादगारें बनाने का काम किया, क्योंकि कौम और स्टेट के कल्चर, हिस्ट्री का जिन्दा रहना जरुरी है, जिस कौम की हिस्ट्री सेफ नहीं रहती वह मजबूत नहीं रहता।
कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिधु की कार्यप्रणाली पर बादल का कहना था कि इसका जजमेंट लोगों को करना है। उनके लिए जरुरी है कि मंत्री बने हैं तो अपनी ड्यूटी को अच्छे से निभाए। गुरदासपुर उप चुनाव को लेकर बादल ने कहा कि कैंडिडेट BJP को खड़ा करना है, वो जो फैसला करेंगे हम डट के उनका सहयोग करेंगे। कैप्टन के चुनावी वादों को लेकर बादल का कहना था कि अभी सरकार को थोड़ा और टाइम देंगे की सरकार किए गए वादों को पूरा करे।
इसके अलावा साध्वी यौन शोषण मामले में राम रहीम के खिलाफ आए फैसला को सही बताते हुए बादल का कहना था कि सबको इस फैसले को अमन-शांति के साथ मान लेना चाहिए। अदालत ने जो फैसला किया है, वह सही है। फैसले के बाद जो उपद्रव हुआ वह गलत है। साथ ही पंजाब सरकार को इस बात का क्रेडिट भी नहीं लेना चाहिए की पंजाब में कम नुकसान हुआ। असल में सारा प्रेशर पंचकूला पर था टारगेट पंचकूला था फिर भी यहां नुकसान हुआ है।
