ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:– साइबर सिटी में गन प्वाइंट पर लाखो की लूट मामले में पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि, ये वही डकैत हैं, जिन्होने बीते कुछ दिन पहले बड़ी डकैती को अंजाम दिया था और पुलिस पूछ-ताछ दौरान ये बात कबूल भी की है। बतादें बीती 9 फरवरी की शाम को सेक्टर 10 A की मार्किट में 5 हथियारबंद बदमाशो ने अनाजमंडी के व्यापारी से 26 लाख की डकैती को अंजाम दे मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस की माने तो वारदात में शामिल एक बदमाश को वारदात के दिन ही स्थानीय लोगो की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि 4 अन्य को भी कल देर रात गुरुग्राम में लूट की योजना बनाते क्राइम यूनिट सेक्टर 10 ने गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। इस मामले में एसीपी क्राइम ने बताया कि, पुलिस गिरफ्त में आये ये बदमाश यूपी के कासगंज के रहने वाले है और इससे पहले भी ये कई संगीन वारदातो को अंजाम दे चुके है।
पुलिस गिरफ्त में खड़े यह चारो डकैत कोई साधारण बदमाश नही है। पुलिस का कहना है कि, इनके खिलाफ हत्या,हत्या के प्रयास, लूट,डकैती और अपहरण जैसे कई संगीन मामले दिल्ली,यूपी,हरियाणा के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज है। पुलिस की माने तो वारदात में शामिल एक बदमाश देवानंद उर्फ देवा अनाज मंडी में ही फलों की रेहड़ी लगाता है और बीते काफी दिनों से व्यापारी रोहताश पर नज़र रखे हुए था और 9 फरवरी को अपने चार अन्य साथियों के साथ मिल इसने डकैती की योजना बनायी थी।
पुलिस का कहना है कि, वारदात में शामिल बदमाश अंकित,संजीव और देवा गुरुग्राम के शक्ति पार्क इलाके में किराए के मकान में रहते थे और मौका पाते ही ऐसी संगीन वारदातो को अंजाम दे फिर से साधारण लोगो की तरह रेहड़ी लगा सब्ज़ी और फ्रूट बेचने का काम करने लगते थे। फिलहाल पुलिस इन्हें रिमांड पर ले मामले की तफ़्तीश में जुटी है। वहीं बेशक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया हो लेकिन व्यापारी से लुटे गए 26 लाख को रिकवर करना पुलिस के लिए अभी भी चुनौती बना हुआ है।


