ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में पिछले तीन चार दिनों की धूप के बाद अब एक बार फिर से मौसम में बदलाव आ गया है। अगले तीन चार दिनों तक मौसम फिर से ठंडा और बूंदाबांदी वाला रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 जनवरी से 29 जनवरी की रात्रि तक बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते एक बार फिर से हरियाणा में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। मौसम में अगले दो तीन दिनों तक बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है वहीं फरवरी के शुरुआती दिनों में ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।
कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक ऐसा मौसम किसानों के लिए काफी अच्छा रहेगा। हल्की बूंदाबांदी से किसानों की फसलों को काफी फायदा होगा और किसानों की गेंहू और सरसों को फसल को फिलहाल पानी देने की भी जरुरत नहीं होगी। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को कीटनाशक ना डालने की भी सलाह दी है।
मौसम बुलेटिन
मौसम 26 जनवरी तक आमतौर पर खुश्क व बीच-बीच में हल्के बादल रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 27 से 29 जनवरी के बीच में बादलवाई व कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बूंदाबांदी संभावित है। 30 जनवरी से अल सुबह व देर रात्रि को धुंध आने की संभावना है
इसके अलावा पूर्वी भारत के लोगों को भी 28 और 29 जनवरी को मौसम के बिगड़े मिजाज का सामना करना पड़ सकता है। जारी अलर्ट में यह भी कहा गया है कि उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में 27 और 28 जनवरी को ओले गिरने की आशंका है। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी एजेंसी स्काइमेट वेदर ने कहा है कि दिल्ली एनसीआर में तेज हवाएं चल रही हैं जिसकी वजह से राष्ट्रीय राजधानी और इसके आस पास प्रदूषण का स्तर काफी हद तक सुधरा है



