ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने रविवार को स्थानीय शिवाजी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, प्रदेश में 2014 से अब तक शहीद सैनिकों के 292 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नौकरी प्रदान की गई है। गणतंत्र दिवस का यह पावन अवसर माँ भारती की उपलब्धियों का जश्न मनाने के साथ-साथ आत्म-विश्लेषण करने का भी दिन है। आजादी के बाद राष्ट्र ने उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन प्रगति की वह मंजिल हासिल करना अभी बाकी है, जिसका सपना हमारे स्वंतत्रता सेनानियों ने देखा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा इस दिशा में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों पर अपनी मोहर लगाते हुए जनता ने उन्हें दोबारा जन सेवा का मौका दिया। ऐसे ही हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में बनी राज्य सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन के अनुरूप ‘सबका साथ-सबका विकास’ और ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मूलमंत्र पर चलते हुए पूरे हरियाणा में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का जो बीड़ा उठाया। उन्हें प्रदेश के लोगों ने सराहा और उनका पूरा साथ देते हुए उन्हें भी दोबारा जन सेवा का दायित्व सौंपा है।
ध्वजारोहण कर परेड़ का निरीक्षण भी किया
आगे कहा कि, अब जन सेवा के अपने दूसरे कार्यकाल में भी राज्य सरकार आम लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने के इरादे से काम कर रही है। इस लिए वर्ष 2020 को ‘सुशासन संकल्प’ वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। मंत्री कमलेश ढांडा ने इस मौके पर ध्वजारोहण कर परेड़ का निरीक्षण भी किया। इससे पूर्व उन्होंने लघु सचिवालय स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ स्कूली बच्चों ने मार्च पास्ट और पीटी शो के साथ-साथ योगा में भी भाग लिया।


