ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच जननायक जनता पार्टी की ओर से चाबी का चुनाव निशान दिल्ली चुनाव के लिए भी आवंटित किए जाने की मांग को भारतीय चुनाव आयोग ने खारिज कर दिया है।
जेजेपी की अर्जी पर चुनाव आयोग की ओर से दिए गए जवाब में कहा गया है कि,चाबी का चुनाव निशान एक गैर मान्यता प्राप्त लेकिन पंजीकृत राजनीतिक पार्टी को दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए आवंटित किया जा चुका है। इस स्थिति में चुनाव आयोग ने यह चुनाव निशान दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जननायक जनता पार्टी को आवंटित करने में असमर्थता जाहिर की है।
इसी तरह जननायक जनता पार्टी के पूर्व में रहे चुनाव निशान चप्पल को भी एक अन्य राजनीतिक दल को आवंटित किया जा चुका है, इसलिए चप्पल का निशान भी दिल्ली के लिए जेजेपी को नहीं दिया जा सका है। पार्टी की ओर से चुनाव चिन्हों की वांछित सूची में चाबी पहले और चप्पल का विकल्प दूसरे स्थान पर दिया गया था। जेजेपी नेताओं की इच्छा थी कि पार्टी की पहचान रहे चाबी या चप्पल के निशान पर ही दिल्ली का चुनाव लड़ा जाए।

