ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन करने के बाद अब जननायक जनता पार्टी दिल्ली के चुनावी मैदान में भी अपनी धाक जमाने की सोच रही है। जी हां, जेजेपी की नजर अब दिल्ली की चुनावी रणभूमि पर है। दिल्ली में 8 फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को नतीजे आएंगे।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के ऐलान के साथ ही जेजेपी ने इस पर चर्चा शुरू कर दी है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह का कहना है कि, दिल्ली चुनाव के संदर्भ में जननायक जनता पार्टी ने एक महीना पहले ही कमेटी का गठन कर दिया था। 11 जनवरी को खुद उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पार्टी द्वारा गठित दस सदस्यीय दिल्ली चुनाव समिति के साथ एक बैठक कर आगामी रणनीति तैयार करेंगे।

