ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: कंधे पर कागजों की पोटली लेकर जा रहा ये शख्स, कोई 2-4 हजार रुपए के कागजों को नहीं लेकर जा रहा, बल्कि ये कागज करोड़ों रुपए के घोटालों का वो सबूत हैं, जिसके भार को पिछले 5 सालों से आरटीआई कार्यकर्ता अमरचंद शर्मा ढोह रहे हैं।
ये वजनदार कागजों के भार के नीचे वो सच छिपा हुआ है, जिसे देखने के बाद भी सरकार कोई कदम नहीं उठा रही। भ्रष्टाचार का खात्मा करने, घोटालेबाजों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कहने वाली खट्टर सरकार में सच भी पूरी इमानदारी से बाहर निकल आए, सोचा नहीं जा सकता। और अबकी भार भी कुछ ऐसा ही हुआ है।
डेढ़ साल पहले राव नरबीर के सामने भी अमरचंद इस मुद्दे को उठा चुके हैं, लेकिन वहां पर भी सिर्फ आश्वसान ही मिला। अब ग्रीवेंस की बैठक में फिर से कैबिनेट मंत्री बनवारी लाल के सामने आंगनबाड़ी के घोटाले का मुद्दा उठाया, कंधे पर लादे सभी घोटाले के सबूत भी पेश किए, लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा। फिर से सबकुछ सुनने के बाद तारीख ही हाथ लगी है।
एसडीएम ने जांच की लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हुई। सीएम को पता है, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। पीएम मोदी के पास भी शिकायत भेजी गई है। लेकिन अब जब कोई इस घोटाले के खिलाफ कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा तो अमरचंद शर्मा कहते हैं कि अब उन्हें इंसाफ की उम्मीद सिर्फ कोर्ट से है, जहां पर जल्द ही वो इस मामले को लेकर जाएंगे।



