ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: रोजाना खबरें पढ़िए और शर्मसार होते रहिए। क्योंकि अब आपके पास कोई चारा ही नहीं बचा है, सिवाए शर्मिंदगी के। हर आधे घंटे में एक ‘बच्ची’ का बलात्कार हो रहा है और हर घंटे इंसानियत शर्मसार हो रही है। हैदराबाद में अभी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि, राजस्थान में एक और मामला सामने आ गया है।राजस्थान के टोंक में घर से लापता 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई।
रविवार को बच्ची का शव घर से 300 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला। घटनास्थल पर शराब की बोतल और कचौड़ी भी मिली। बच्ची के गले पर बेल्ट बंधी मिली, जो उसी के स्कूल की यूनिफॉर्म की है। बच्ची की स्कूल बेल्ट से उसका गला घोंटकर हत्या की गई है। बच्ची के कपड़ों पर काफी खून मिला। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। वारदात में गांव या आसपास के ही किसी व्यक्ति का हाथ होने की आशंका है। एसपी आदर्श सिद्धू का कहना है कि ‘प्रथम दृष्टया, दुष्कर्म और हत्या का मामला है। घटना की जांच की जा रही है। कुछ साक्ष्य मिले हैं। जल्द ही खुलासा करेंगे।’

