ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हनीप्रीत और राम रहीम की जल्द मुलाकात हो सकती है। आपको बता दें कि जेल से बाहर आने के बाद डेरा प्रमुख की सबसे बड़ी राजदार हनीप्रीत राम रहीम से मिलने के लिए उत्सुक है, जिसके लिए आजकल हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज सॉफ्ट कॉर्नर दिखा रहे हैं। क्योंकि अनिल विज ने पुलिस के आला अधिकारियों से हुई मुलाकात के बाद ये कहा है कि सिरसा पुलिस द्वारा सुरक्षा के लिहाज से जो रिपोर्ट दी गई है, उसकी दोबारा से जांच करवाई जाए और अगर उसमें कोई कानूनी अड़चन नहीं है तो उसे रोका नहीं जाएगा।
वहीं, जब विज से हनीप्रीत के बार-बार याचिका लगाने और उसे रोकने का सवाल किया गया, तो गृह मंत्री ने हंसते हुए कहा कि देखिए अब अनिल विज आ गया है और अब सब ठीक होगा। विज का कहना है कि हमने पुराने रिकॉर्ड को रिव्यू करने के लिए कहा है और जैसे ही रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उन्हें मिलने की इजाजत दे दी जाएगी।
आपको बता दें कि डेरा प्रमुख को साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी ठहराने के बाद पंचकूला में हुई हिंसा मामले में हनीप्रीत जेल में बंद थी। कुछ दिन पहले ही हनीप्रीत पर चल रहे केस में देशद्रोह की धारा हटने के बाद उसे अदालत से जमानत भी मिल गई थी। इसके बाद हनीप्रीत ने राम रहीम से मिलने की याचिका लगाई थी, जिसे नामंजूर कर दिया गया था।
अब जेल और पुलिस प्रशासन द्वारा मुलाकात पर रोक लगाने के बाद हनीप्रीत एक बार फिर से कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकती है। आपको ये भी बता दें कि हनीप्रीत आखिरी बार गुरमीत सिंह से 25 अगस्त 2017 को मिली थी, जब पंचकूला की सीबीआइ अदालत ने गुरमीत को साध्वी दुष्कर्म मामले में दोषी करार दिया था। पंचकूला से लेकर सुनारिया जेल तक हनीप्रीत हेलीकॉप्टर में गुरमीत के साथ ही बैठकर पहुंची थी।
वहीं, हनीप्रीत और गुरमीत राम रहीम को लेकर सिरसा पुलिस द्वारा सुनारिया जेल सुपरिंटेंडेंट को भेजी रिपोर्ट में कहा गया था कि गुरमीत राम रहीम की हनीप्रीत सबसे बड़ी राजदार है। दोनों की बीच मुलाकात होने से सिरसा में कानून व्यवस्था बिगड़ने और अशांति फैलने की आशंका है। इसलिए हनीप्रीत व गुरमीत राम रहीम के बीच मुलाकात नहीं होने देनी चाहिए। इस के बाद अनिल विज ने कहा कि हमने पुराने रिकॉर्ड को रिव्यू करने के लिए कहा है। जैसे ही रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उन्हें मिलने की इजाजत दे दी जाएगी।




