ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: जेजेपी नेत्री और पूर्व विधायक नैना चौटाला ने अशोक तंवर के जेजेपी को समर्थन देने पर कहा कि नया, उन्नत और युवा हरियाणा बनाने के लिए युवाओं की जोड़ी कमाल दिखाएगी। नैना चौटाला ने कहा कि जाहिर है कि जजपा को राज्य के हर कोने और हर वर्ग में साथ मिल रहा है।
इस दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए नैना चौटाला ने कहा कि जनता ऐसी पार्टी के नेता को चुनने का काम करे, जो सबको साथ लेकर चलने में यकीन रखता हो और समाज को तोड़ने की बजाय समाज को जोड़ने में विश्वास रखे। उन्होंने कहा कि इतिहास हमें सीखाता है कि समाज में दरार पड़ने से न तो हमारा विकास हो सकता और न ही प्रदेश आगे बढ़ सकता।
नैना चौटाला ने कहा कि जननायक जनता पार्टी 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने और नया हरियाणा बनाने में विश्वास रखती है। नया हरियाणा बनाने के लिए जेजेपी की सरकार बनने पर अपनी योजनाएं जनता के सामने रखी हैं और पार्टी विस्तार से रूपरेखा को कल घोषणा पत्र के रूप में जारी करेगी। घोषणा पत्र में प्रदेश के हर वर्ग के उत्थान और उसकी भलाई का ध्यान रखा गया है।
उन्होंने कहा कि जेजेपी की सरकार बनने पर बुजुर्गों को अपनी पेंशन के लिए 60 वर्ष तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि महिलाओं को 55 साल की उम्र में और पुरूषों को 58 साल की उम्र में 5100 रूपये प्रति महीने पेंशन घर बैठे दी जाएगी। किसान, कमेरे और छोटे दुकानदारों के कर्ज माफ किएजाएंगे।



