ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: बॉलीवुड किंग सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई है। सोशल मीडिया पर यह धमकी भरा मैसेज वायरल हो रहा है। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़े एक शूटर ने काला हिरण शिकार में दोषी करार दिए गए फिल्म अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी है।
स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी के ग्रुप सोपू के फेसबुक पेज पर गैरी शूटर ने लिखा है कि, सोच ले सलमान तू भारत के कानून से बच सकता है लेकिन विश्नोई समाज और सोपू की पार्टी के कानून ने तुझे मौत की सजा सुना दी है, सोपू की अदालत में तू दोषी है सलमान। सलाम शहीदा नु।
बता दें, इससे पहले भी गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई ने कुछ महीने पहले जोधपुर कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान पुलिस की उपस्थिति में सलमान खान को मारने की खुलेआम धमकी दी थी। वहीं, इस पोस्ट के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। डीजीपी धर्मेन्द्र यादव ने कहा है कि पुलिस सतर्क हो चुकी है। सलमान खान की 27 सितम्बर को ब्लैकबक केस की सुनवाई के लिए जोधपुर कोर्ट में सुनवाई है। इस दौरान उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी।


