शुक्रवार रात करीब 10 बजे उस समय होशियारपुर के माल रोड पर सनसनी फैल गई जब एसएसपी की कोठी से मात्र कुछ कदमों की दूरी पर ही एक निजी अस्पताल की मालकिन डॉ. मंजू शर्मा की लाश कमरे में मिली। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। बताया जाता है कि पिछले 35 सालों से माल रोड में डॉ. मंजू शर्मा अपनी कोठी में अकेली ही अस्पताल चला रही थी। अस्पताल में मरीज कम ही आते थे, डॉ. शर्मा कई समाजसेवी संस्थाओं के लिए भी कार्य करती थीं। उनका एक बेटा हरियाणा के करनाल में डॉक्टर है, जबकि एक बेटा विदेश में रहता है।
शुक्रवार की शाम डॉ. मंजू की बेटी अपने एक परिचित को फोन करके बताया कि उसकी मां कॉल रिसीव नहीं कर रही है। जिसके बाद वो घर गए तो देखा कि डॉ. मंजू के चेहरे पर गंभीर जख्म है और वो बेसुध पड़ी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि अभी तक लूटपाट का मामला सामने नहीं आया है। यहां पर गौर करने की बात यह है कि डॉक्टर मंजू के अस्पताल से मात्र कुछ कदम दूर ही एसएसपी होशियारपुर की कोठी है। यहां हर समय गार्ड की ड्यूटी लगी रहती है और सड़क पर देर रात तक चहल-पहल रहती है। ऐसे में अकेली औरत का कत्ल हो जाना पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। वहीं आसपास के इलाकों में इस घटना के बाद दहशत देखा जा रहा है।

