सिरफिरे आशिक ने लड़की को चाकू मारकर किया घायल

बठिंडा : शादी से इंकार करने पर एक सिरफिरे आशिक ने ऐसा कदम उठाया कि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। तलवंडी सावो…

बठिंडा : शादी से इंकार करने पर एक सिरफिरे आशिक ने ऐसा कदम उठाया कि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। तलवंडी सावो के एक प्राइवेट स्कूल की छात्रा को एक सिरफिरे आशिक ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जाता है कि टैगोर पब्लिक स्कूल के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाली नौंवी क्लास की छात्रा रोजाना की तरह स्कूल आई थी। जैसे ही क्लास शुरू हुई, टीचर बच्चों को पढ़ाने लगे। चंद मिनटों बाद ही एक सिरफिरा आशिक आया और लड़की पर तेजधार हथियार से हमला करके भाग गया। घटना के बाद स्कूल में कोहराम मच गया। बच्चे इधर-उधर भागने लगे। स्कूल प्रशासन भी मूकदर्शक बना रहा। जिस समय आरोपी लड़का स्कूल में आया था उस वक्त  उसकी तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना में गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल में भर्त्ती कराया गया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। बताया जाता है कि आरोपी लड़का लड़की से एकतरफा प्यार करता था। इस कदर कि वो लड़की के प्यार में  पागल था। वो लड़की पर शादी के लिए दबाव डाल रहा था, लेकिन लड़की ने इंकार किया तो उसने बदला लेने की ठान ली। और इस हरकत को अंजाम दे डाला।

फिलहाल, आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। घटना के बाद स्कूल के प्रिंसिपल जोगिन्दर सिंह ने बताया कि सुबह एक लड़का स्कूल में छात्रा पर हमला करके फरार हो गया। उधर, लड़की के घरवाले कुछ भी बताने से इंकार कर रहे हैं। हालांकि जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया, वो स्कूल प्रशासन के सुरक्षा के दावे की पोल खोलता है। सुरक्षा में नाकामी के चलते ही एक सिरफिरा आशिक एक छात्रा पर क्लास में ही चाकू से हमला करके फरार हो जाता है। इस घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के अभिभावकों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटना भविष्य में ना दोहराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *