न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : कपिल शर्मा के लिए मुश्किलें जैसे कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक दौर था जब कपिल जिस शो से जुड़ते थे वो लोकप्रियता के शिखर पर पहुंच जाता था। कपिल हर घर के चहेते बन गए और बच्चे से लेकर बूढ़े तक उनके फैन लिस्ट में शामिल रहे। लेकिन पिछले कुछ समय से कपिल के सितारे गर्दिश में चले गए हैं। पहले साथी कलाकारों के साथ झगड़े के कारण ‘द कपिल शर्मा शो’ की टीआरपी में दिनोंदिन गिरावट देखी गई। अब सोनी टीवी ने कपिल शर्मा के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी है। ऐसी खबरें आ रही हैं कि सोनी टीवी कपिल शर्मा का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर सकता है।
बताया जाता है कि अप्रैल महीने में सोनी टीवी और कपिल शर्मा का कॉन्ट्रैक्ट पूरा हो गया था, लेकिन तीन महीने गुजर जाने के बाद भी कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं किया जा सका है। ये भी बताया जा रहा है कि खराब स्वास्थ्य के कारण कपिल का कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं हो सका है। हालांकि लोग ये भी कह रहे हैं कि शो की गिरती टीआरपी के कारण भी कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं हो सका है। आपको बता दें कि कुछ महीने पहले कपिल के बुरे बर्ताव के कारण सुनील ग्रोवर ने शो छोड़ दिया था। इसके बाद शो से अली असगर, चंदन प्रभाकर ने भी किनारा कर लिया। तीनों के शो से बाहर जाने के बाद इसकी लोकप्रियता में दिनोंदिन कमी देखी जाने लगी।

