जालंधर (पंजाब) : क्या मोबाइल पर बात करने के दौरान किसी की जान जा सकती है, अगर आपका जवाब ना है तो आपको एक बार फिर से सोचने की जरूरत है। रविवार को अमृतसर-लुधियाना मुख्य रेल लाइन के रेलवे फाटक पर मोबाइल पर बात करने की कीमत एक युवती को अपनी जिंदगी के रूप में चुकानी पड़ी। दरअसल मंसूरपूर की रहने वाली एक युवती अपनी दोस्त से मिलने दुसांझ जा रही थी। इसी दौरान अमृतसर-लुधियाना मुख्य रेल लाइन के रेलवे फाटक के पास उसके मोबाइल पर कॉल आ गया और वो बात करने लगी। बात करने के दौरान ही वो अमृतसर-दादर एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। ट्रेन से टकराने के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त मंसूरपूर की जसविंदर कौर उर्फ अंजना के रूप में की गई है। लोगों की मानें तो ट्रेन के ड्राइवर ने हार्न भी बजाया था लेकिन जसविंदर बात करने में इतनी व्यस्त थी कि वो सुन नहीं सकी और आखिर में उसकी जान चली गई।
