चंडीगड़ : 1962 के भारत-चीन युद्ध, 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध में मारे गए भारतीय सैनिकों की विधवा को अब जमीन के बदले कैश मिलने का रास्ता साफ हो गया है। दरअसल, लंबे समय से मांग की जा रही थी कि सरकार ने शहीदों की विधवाओं को जमीन देने की घोषणा में तब्दीली लाते हुए कैश दिया जाए। आखिरकार पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को जमीन के बदले कैश ग्रांट को स्वीकृति दे दी। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एक एकड़ जमीन के बदले 5 लाख की राशि स्वीकृत की है, जो 10 एकड़ की जमीन के बदले 50 लाख तक होगी। सीएम ने सैनिक वेलफेयर डिपॉर्टमेंट को निर्देश दिया कि कैश वितरित करने में तेजी लाएं, ताकि शहीदों की विधवाओं को अब किसी तरह की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़े। सीएम खुद सैनिकों की विधवाओं और पूर्व सैनिकों को पत्र लिखकर उनकी परेशानियों की जानकारी ले रहे हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय में स्पेशल एक्स-सर्विसमैन सेल की स्थापना की गई है, इसके माध्यम से उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। साथ ही पुलिस कर्मियों को विशेष हिदायत दी है कि पूर्व सैनिकों को हरसंभव मदद दी जाए।
