कोटकपूरा (फरीदकोट) : शहर के नई अनाज मंडी में शनिवार की देर रात कुख्यात गैंगस्टर लवी दियोड़ा को गोलियों से छलनी कर दिया गया। लवी अपने एक दोस्त के साथ मंडी में लगे मेले में घूमने आया था, इसी दौरान बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी। लवी को गोलियों से छलनी करके बदमाश घटनास्थल से फरार हो गए। घटना के बाद लोग लवी को लेकर अस्पताल गए, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस अभी तक आरोपियों की शिनाख्त नहीं कर सकी है। बताया जाता है कि लवी कुछ दिन पहले ही जेल से छूट कर आया था।
गैंगवार का अगला शिकार कौन?
घटना के बाद लोगों ने दबी जुबान में गैंगवार की आशंका जतानी शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी तक लवी की हत्या के कारणों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन कहा जा रहा है कि गैंगवार के कारण उसकी हत्या की गई है। वो खुद एक कुख्यात अपराधी था और उसके भी कई दुश्मन थे। जिस कारण जेल से छूटते ही उससे बदला ले लिया गया। सूत्रों की मानें तो लुधियाना में वर्चस्व की लड़ाई एकबार फिर से शुरू हो सकता है, क्योंकि जिस तरह से लवी की हत्या की गई है उससे साफ जाहिर है उससे जुड़े बदमाश जरूर बदला लेंगे। इसलिए पुलिस को भी चौकन्ना रहना होगा।
कहीं कोई अपना तो शामिल नहीं
लवी की हत्या से साफ जाहिर हो गया है कि बदमाशों ने उसकी हत्या से पहले पूरी प्लानिंग की थी। हैरानी की बात यह है कि मेला देखने गए लवी के साथ उसका एक और दोस्त था, लेकिन घटना में उसे एक जरा खरोंच तक नहीं आई। और जिस तरह से लवी की हत्या करके बदमाश फरार हुए हैं, उससे भी साफ लग रहा है कि उनकी लवी पर काफी पहले से नजर थी। वो बस मौके की तलाश में थे और मौका मिलता ही उन्होंने लवी का काम तमाम कर दिया। अब देखना होगा कि कब तक पुलिस हत्या में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार करती है।
