Gurugram : एटीएम कार्ड से ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले हो जाएं सावधान। क्योंकि आप का ATM कार्ड अब नहीं है सुरक्षित। कार्ड का क्लोन बनाने वाले लुटेरे आपके ATM पर नजर रख रहे हैं। गुरूग्राम पुलिस ने ऐसे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एटीएम का क्लोन बनाकर लाखों रुपए की ठगी की है। चारों शातिर अपराधियों में शुभम और सोमाजीत पीवीआर सिनेमा की कैंटिन में काम करते थे औऱ यही से लोगों के क्रेडिट औऱ डेबिट कार्ड का क्लोन बनाते थे। हाइटेक ठगों की इस टोली ने जल्द अमीर होने के लिए पूरा प्लान तैयार किया। प्लान के मुताबिक शॉपिंग साइट Amazon से 40 से 50 हजार रूपये के क्लोन बनाने वाले कार्ड रीडर और कार्ड राइटर मंगवाए।
हाइटेक ठगों के गिरोह का सरगना अजय कुमार था। अजय पीवीआर सिनेमा में काम करने वाले शुभम और सोमाजीत के जरिए लोगों के कार्ड की जानकारी कार्ड रीडर के जरिए मंगाता था। एक बार जानकारी हाथ लगती थी तो इसके बाद शुरु होता था कार्ड की क्लोनिंग का खेल। इसके लिए सबसे पहले शुभम औऱ सोमाजीत धोखे से पीवीआर की कैंटिन में खाना लेने वालों का कार्ड एक अलग कार्ड रीडर पर स्वाइप करते थे, जिससे कार्ड की सारी जानकारी उसमें दर्ज हो जाती थी। कार्ड की जानकारी मिलने के बाद लैपटॉप के जरिए इस जानकारी को एक दूसरे कार्ड में डाल दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक ये हाइटेक ठगों की टोली तीन महीने में 20 से 25 लाख रुपए की अलग-अलग लोगों से ठगी को अंजाम दे चुके है। पुलिस ने इनसे कार्ड क्लोनिंग में इस्तमाल होने वाले सभी सामान भी बरामद कर लिया है। साथ ही अब पुलिस इनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।


