Ranchi : झारखंड की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था का एक घृणित उदाहरण सोमवार को चतरा से सामने आया। जहां अस्पताल से एंबुलेंस नहीं मिलने पर एक शव को परिजन कंधे पर उठाकर ले जाने को विवश हो गए। बताया जाता है कि चतरा जिले के सिदपा गांव के राजेंद्र उरांव को सांप ने काट लिया था। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। जब मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से एंबुलेंस उपलब्ध करवाने की बात कही तो इंकार कर दिया गया। लिहाजा मृतक के भाई और भाभी ने मिलकर शव को किसी तरह गांव लेकर गए। हालांकि लापरवाही के आरोप में दो चिकित्सकों को निलंबित कर दिया गया। वहीं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट करके घटना के प्रति दुख जाहिर किया। लेकिन इस घटना ने मुख्यमंत्री के ‘बढ़ता झारखंड, बदलता झारखंड’ के नारे की पोल खोल दी है।
