ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं का एक दल से दूसरे दल में जाने का सिलसिला लगातार जारी है। कई पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी पार्टी बदली है। ऐसा ही कुछ इनेलो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने भी किया, अशोक अरोड़ा ने इनेलो पार्टी को अलविदा कह दिया है और एक नई पारी शुरू करने की भी घोषणा कर दी है। लेकिन वहीं, 40 साल से ज्यादा का इनेलो में सफर तय करने वाले अशोक अरोड़ा को इनेलो प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने स्वार्थी बताया है।
अभय चौटाला ने कहा कि अशोक अरोड़ा को पार्टी छोड़ने का फैसला सोच समझकर लेना चाहिए था क्योंकि जिस व्यक्ति ने उनकी इतनी बड़ी पहचान बनाई है, आज वो सलाखों के पीछे हैं और उन्होंने पार्टी छोड़ी है, तो ये फैसला केवल स्वार्थ में लिया गया है। अभय ने कहा कि इतनी बड़ी बात बोलकर कोई पार्टी छोड़ता है तो वो स्वार्थी ही है। बता दें कि अशोक अरोड़ा ने पांच दिन पहले ही इनेलो को अलविदा कहा था और यहां तक कहा था कि 40 साल इनेलो में चौटाला से उन्हें बेहद प्यार मिला है।
लेकिन अब अभय चौटाला ने अशोक अरोड़ा पर एक बड़ा इल्जाम लगा दिया है, अशोक अरोड़ा ने इनेलो पार्टी तो छोड़ी ही है, लेकिन सालों पुराने चौटाला परिवार से रिश्ते भी कुछ सही नजर नहीं आ रहे हैं। असोक अरोड़ा की अभय चौटाला के इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, वो जानना दिलचस्प होगा।


