ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: सिरसा के गांव पंजवाना में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक की मां की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती करवाया गया है।
बताया जा रहा है कि अलीपुर गांव का बूटा सिंह अपनी मां मुक्तियारो और दोस्त गुरप्रीत के साथ मामा के घर अपनी शादी का कार्ड देने के लिए जा रहा था। बूटा सिंह की 29 तारीख को शादी होनी थी और वो पंजाब के गांव सेमा में रहने वाले मामा को कार्ड देने जा रहा था।
तीनों ही बाइक पर सवार होकर सुबह 5 बजे निकले थे, बूटा सिंह बाइक चला रहा था और अचानक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के साथ बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बूटा सिंह और गुरप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बूटा सिंह की मां की हालत गंभीर है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


