ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा कांग्रेस में लगातार अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान चल रही है। इसी के चलते आज सीएलपी लीडर किरण चौधरी ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात की। मुलाकात के बाद किरण चौधरी ने कहा कि उन्होंने सोनिया गांधी से प्रदेश के राजनीतिक हालात के बारे में चर्चा की है।
हालांकि अशोक तंवर को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाने के सवाल को किरण चौधरी टालती नजर आई, लेकिन इतना जरूर कहा कि सोनिया गांधी से हरियाणा कांग्रेस में चल रहे घटना क्रम को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं इस वजह से उन्होंने सोनिया गांधी से मिलकर हालात बताया है। जो भी निर्णय होगा या आगे रणनीति होगी वो हाईकमान तय करेंगे।
आपको बता दें कि इससे पहले कल यानी 29 अगस्त को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी सोनिया गांधी से मिल चुके हैं। उनके साथ गुलाम नबी आजाद भी मौजूद थे। लेकिन बैठक में क्या हुआ इस पर दोनों नेताओं ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। वैसे हुड्डा पहले ही कह चुके हैं कि वो नेतृत्व परिवर्तन को लेकर सोनिया गांधी को प्रस्ताव सौंप चुके हैं।


