ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कांग्रेस पार्टी के मौजूदा हालातों पर चुटकी लेते हुए कहा कि अगर पार्टी कुमारी शैलजा को अध्यक्ष बना भी देती है, तब भी कांग्रेस के हालातों में कोई सुधार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ये सभी सिर्फ बीजेपी को जिताने का काम कर रहे हैं।
जयहिंद आज रोहतक स्थित प्रदेश कार्यालय में आप पार्टी से चुनाव लड़ने के इच्छुक आवेदन कर्ताओं का इंटरव्यू लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू के बाद रिपोर्ट पीएसी को भेज दी जाएगी और जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा होगी।
बता दें कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के इंटरव्यू चल रहे हैं और इन सभी का इंटरव्यू प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद और आप के राज्यसभा सांसद सुशील जैन ले रहे हैं। अभी तक 350 लोगों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए आवेदन किया है। इनके इंटरव्यू के बाद रिपोर्ट बनाकर आप की केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दी जाएगी। जिसके बाद प्रत्याशियों की घोषणा होगी।
नवीन जयहिंद ने कहा कि उनकी पार्टी में दूसरी पार्टियों की तरह प्रत्याशियों का चुनाव नहीं होता। जिन लोगों की साफ छवि है और जो लोग समाज की सेवा करने के इच्छुक हैं, वही लोग आवेदन कर रहे हैं। मजदूर, दिव्यांग और पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के लिए इंटरव्यू देने पहुंचे हैं।



