ऑनलाइन डेस्क लिविंग इंडिया न्यूज:पलवल और गुरुग्राम से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक महिला को लड़का पैदा होने की शर्तिया दवाई देते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। टीम ने महिला के कब्जे से साइन किए हुए 1500 रुपये भी बरामद किए हैं, जबकि 500 रुपये महिला ने सामान मंगाने पर खर्च कर दिए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने देर रात महिला के खिलाफ सदर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, जिसके चलते पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हैरान वावी बात तो ये है कि पलवल के गांव आमरु में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिस महिला को पकड़ा है, उसका न तो कोई क्लीनिक है और न ही वो आरएमपी डाक्टर है। बल्कि महिला अंधविश्वास का धंधा चला रही थी, जिसकी एवज में वो गर्भवती महिलाओं को लड़का पैदा होने की शर्तिया दवाई देती थी।
सदर थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग पलवल की तरफ से लिखित शिकायत मिली है, जिसके संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।



