ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: बहादुरगढ़ में एक महिंद्रा बोलेरो गाड़ी और सवारियों से भरी टाटा मैजिक गाड़ी की आमने सामने से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अलसुबह बहादुरगढ़-खरखोदा मार्ग पर निलोठी गांव के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि निलोठी गांव से करीब एक दर्जन लोग टाटा मैजिक गाड़ी में सवार होकर ड्यूटी जाने के लिए घर से निकले थे। यह सभी बहादुरगढ़ की पारले फैक्ट्री में काम करते हैं।
जब इनकी गाड़ी गांव से बाहर निकली, तो सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी से इनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करीब एक दर्जन लोग इस दुर्घटना में घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए राहगीरों की मदद से पहले बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। वहीं मृतक की पहचान निलोठी गांव निवासी अनूप के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



