ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान में खलबली मच गई है। पाकिस्तान ने बौखलाहट में आकर भारत के साथ व्यावसायिक संबध खत्म कर दिए, इसके बाद पाकिस्तान के सिनामा घरों में भारतीय फिल्में न दिखाने का फैसला लिया।
पाकिस्तान इस कदर बेचैन हो गया है कि, अब भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को निष्कासित करने और भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को निलंबित किए जाने का ऐलान किया। प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक के बाद पाकिस्तान ने यह कदम उठाया है। जिसमें द्विपक्षीय व्यापार निलंबित करने और “द्विपक्षीय संबंधों” की समीक्षा का भी फैसला लिया गया।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने एनएससी बैठक के बाद अपने बयान में कहा कि, हमारे राजनयिक अब भारत में तैनात नहीं रहेंगे और यहां से उनके समकक्षों को वापस भेजा जाएगा। भारत के उच्चायुक्त बिसारिया इस्लामाबाद में हैं, जबकि उनके पाकिस्तानी समकक्ष मोइन-उल-हक को नयी दिल्ली में कार्यभार संभालना है।


