ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:बहादुरगढ़ के गांव खेड़ी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मां और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव घर के अंदर से ही बरामद हुए हैं। शवों के साथ एक दूध मुहा बच्चा भी रोते हुए मिला है।
फिलहाल हत्या के कारणों का अभी कुछ पता नहीं लग पाया है। पुलिस को शनिवार देर रात इस घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मां और बेटी के शवों से चोट के निशान मिले हैं। दोनों के शव खून में लथपथ थे। मृतकों की पहचान मीना देवी और बेटी दीक्षा के रूप में हुई है। मीना के पति राजेंद्र की करीब 1 साल पहले मौत हो चुकी हो। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है।
बताया जा रहा है कि मीना का बेटा अपनी बड़ी बहने के घर गया हुआ था। घर में मां मीना और विवाहिता बहन अपने दूध मुहे बच्चे के साथ मौजूद थी। शनिवार को बेटे ने जब मां से हाल चाल जानने के लिए फोन किया, तो किसी ने भी फोन नहीं उठाया।
इसके बाद बेटे ने पड़ोसी को घर जाकर बात कराने के लिए कहा। जब पड़ोसी घर में पहुंचा, तो वहां बदबू आ रही थी। उसने इस बात की सूचना मीना के बेटे को दी। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई।




