ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा की नई गृह सचिव की नियुक्ति हो गई है। ये जिम्मेदारी नवराज संधू को सौंपी गई है। नवराज संधू ने 1984 में भारतीय प्रशासनिक सेवा ज्वाइन की थी और वे उस बैच में तीसरे रैंक पर थी। साथ ही वे महिलाओं के बीच टॉपर भी रही हैं।
कहां से की है पढ़ाई-
नवराज संधू ने पंजाब यूनिवर्सिटी से राजनीतिक विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन कर स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने सामाजिक विज्ञान में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इसके साथ ही सेवा के दौरान संधू ने ऑस्ट्रेलिया की क्वीसलेंड यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है।
वहीं, नवराज संधू ने अपने करियर की शुरुआत अंबाला और नारायणगढ़ से एसडीएम के तौर पर की थी। वे रेवाड़ी और अंबाला की उपायुक्त भी रही हैं। सरकारी सेवा के दौरान संधू ने कई पदों पर कार्यभार संभाला है।
नवराज संधू ने सेकैण्डरी शिक्षा में निदेशक, श्रमायुक्त, हरियाणा पर्यटन निगम की प्रबन्ध निदेशक, हरियाणा डेरी विकास निगम की प्रबन्ध निदेशक और कृषि विपणन बोर्ड में मुख्य प्रशासक के पद पर कार्य किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बीपीएस महिला विश्वविद्यालय सोनीपत में भी कुलपति का कार्य संभाला है। उन्होंने विभिन्न विभागों में प्रधान सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, आयूष और सहकारिता में भी कार्य संभाला है।
इसके साथ ही नवराज संधू 2014-17 के दौरान पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव भी रही हैं। कई सामाजिक क्षेत्र के मुद्दों पर भी संधू ने अच्छी धाक जमाकर अपने पद को संंभाला है।

