ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:- बहादुरगढ़ में बादली के सोंधी गांव के नजदीक एक ड्रेन में कार गिरने से कार सवार दो भाइयों की मौत हो गई। रात भर दोनों भाइयों के शव ड्रेन में गिरी कार में पड़े रहे। सुबह लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने ड्रेन से कार को निकालकर शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी दो ममेरे भाइयों के रूप मे हुई है।
दिल्ली के फतेहपुर निवासी महिपाल अपने ममेरे भाई ककरोला निवासी अशोक के साथ पेलपा गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था।
विवाह समारोह में शामिल होने के बाद रात के समय वह कार में अपने घर वापस लौट रहे थे। बूंदाबांदी होने के कारण सोंधी गांव के समीप उनकी कार का संतुलन बिगड़ने से कार वहां बनी ड्रेन में जा गिरी। रात होने के कारण किसी ने कार को गिरते नहीं देखा।
सुबह के समय लोगों ने ड्रेन में कार गिरी देखकर इस बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौकें पर पहुंचकर ड्रेन से कार को बाहर निकालकर उसमें से दोनों भाइयों के शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी थी।


