ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जननायक जनता पार्टी जींद उपचुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने 2024 के चुनावों का इंतजार करने की बात करने वालों को जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि हम तो 2019 के लोकसभा और विधानसभा के चुनावों का भी इंतजार नहीं करेंगे। जेजेपी जींद उपचुनाव में ताल ठोकने के लिए तैयार है और इस चुनाव को जीतने का दम भरेंगे। सांसद दुष्यंत ने कहा कि जिस तरह से जींद में 9 दिसंबर को प्रदेश भर से 6 लाख से अधिक लोगों ने एकत्रित होकर 300 लोगों का टोला कहने वालों का करारा जवाब दिया है, उसी प्रकार से जींद उपचुनाव में भी 2024 की बात करने वालों को भी जींद की धरा के लोग करारा जवाब देंगे।
दुष्यंत चौटाला सोमवार को गांव कंडेला में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। गांव में पहुंचने पर दुष्यंत का गांववासियों ने जोरदार स्वागत किया। कंडेला गांव में दुष्यंत की एक झलक पाने के लिए, बुजुर्गो, युवाओं और महिलाओं में खास जोश था और आयोजन स्थल के आसपास के मकानों की छतों पर भारी संख्या में महिलाएं मौजूद थी बूथ स्तर पर युवाओं को जोड़ेंगे दुष्यंत ने कहा कि जनवरी के अंत तक पार्टी से 17 लाख से युवाओं को बूथ स्तर पर जोड़ देंगे। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में प्रदेश के हर बूथ पर जेजेपी के 10 यूथ होंगे और प्रदेश भर में पार्टी का सदस्यता अभियान जनवरी माह शुरू हो जाएगा। जेजेपी हर वर्ग, हर जात, हर समुदाय, हर तबके को अपने साथ लेकर चलने को कटिबद्ध है।


