ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 28 दिसंबर को शुरू होने जा रहा है। इस बार सत्र एक दिन के लिए बुलाया गया है। इस पर नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के मुद्दों से भागना चाहती है। इसलिए केवल एक दिन का विधानसभा सत्र बुलाया है | लेकिन इनेलो उसमें भी जनहित के हर मुद्दे को विधानसभा के पटल पर रखेगी। इसके मद्देनजर एसवाईएल पर काम रोको प्रस्ताव लाएगी और कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव स्पीकर को भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग की अनदेखी कर रही है, जिसमें विशेषकर किसानों और युवाओं के मुद्दे हैं। प्रदेश में गन्ने की पिराई शुरू हो चुकी है, जबकि सरकार ने पिछले सत्र का भी भुगतान किसानों को नहीं किया है। इनेलो इस मुद्दे पर सरकार पर दबाव बनाने का काम करेगी। वहीं पार्टी सरकार द्वारा भंग किए जा रहे 62 सरकारी बोर्ड और कार्पोरेशन पर भी सरकार से जवाब मांगेगी, जिसकी वजह से इन संस्थानों में काम करने वालों के भविष्य पर प्रश्न चिह्न खड़ा हो गया है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में आरक्षण की मांग भी पटल पर रखेगी। बिगड़ती कानून-व्यवस्था सहित सेम की समस्या को भी विधानसभा के पटल पर रखेंगे।


