ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: सावन माह शुरू होने के साथ ही कांवड़ यात्रा भी शुरू हो गई है। देश के अलग-अलग हिस्सों से शिव भक्त कांवड़ में गंगाजल ले जाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते है। ऐसे में उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों के शिव भक्त यमुनानगर से ही होकर गुजरते है, जिस कारण सावन माह में शिवरात्रि तक यमुनानगर में हर ओर कांवडियों की भीड़ रहती है।
इसी को लेकर अब पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद हो गया है। एसपी राजेश कालिया ने कांवड यात्रा को लेकर पुलिस अधिकारियों की मीटिंग लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा निर्देश दिए। मीटिंग में यमुनानगर के साथ लगते उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सीमा पर बरती जाने वाली सुरक्षा की भी समीक्षा की। कांवडियों की सुरक्षा को लेकर पड़ोसी जिलों से भी सुरक्षा बल मंगवाया गया है।
एसपी राजेश कालिया ने बताया कि कांवडियों की सुरक्षा को देखते हुए सभी कांवड शिविरों में सीसीटीवी से मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा कांवडियों के गुजरने वाले हर रास्ते पर लाइट और सीसीटीवी की व्यवस्था की गई है। एसपी राजेश कालिया ने बताया कि कांवडियों के आने-जाने वाले रास्ते पर प्रशासन की ओर से पूरे प्रबंध कर लिए गए है। इसके अलावा पुलिस की कई टीमों को गठन किया गया है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि यमुनानगर के रास्ते हरियाणा के अलावा हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ के हजारों शिव भक्त कांवड लेकर गुजरते है। ऐसे में प्रशासन उनकी सुरक्षा को लेकर काफी सतर्क रहता है।
