ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: पंचकूला के मोरनी में एक विवाहिता के साथ हुए गैंगरेप मामले में रोजाना नए खुलासे हो रहे है। एक ओर जहां पुलिस ने मामले में शामिल 6 और लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नए गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहीं, अब इसे लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है, जिसके चलते महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन कर हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी को ज्ञापन सौंपा।
मोरनी गैंगरेप में नया खुलासा होने के बाद पुलिस ने 6 और आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहीं, महिला कांग्रेस ने अध्यक्ष सुष्मिता देव की अध्यक्षता में माजरी चौक पर प्रदर्शन करते हुए सीएम मनोहर लाल की शव यात्रा निकाली। बाद में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने सीएम के पुतले का दाह संस्कार भी किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बाद में उन्होंने इसे लेकर राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी को ज्ञापन भी सौंपा।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने मोरनी घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब पीड़िता शिकायत लेकर महिला थाने गई तो उसकी शिकायत क्यों नहीं लिखी गई ? चंडीगढ़ में शिकायत दर्ज होने के बाद हरियाणा सरकार की नींद खुली और आनन-फानन में जांच के नाम पर कुछ कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जब भी हरियाणा में कोई बलात्कार होता है तो खट्टर सरकार कोई न कोई जुमला बना देती है। सुष्मिता देव ने कहा कि पीएम मोदी ने महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा मुद्दा बनाया था और अमित शाह हर रैली में 21 प्रदेशों में बीजेपी की सरकार होने का दावा करते है, लेकिन असल में महिलाएं वहां सुरक्षित नहीं है।
मोरनी गैंगरेप को लेकर जहां विपक्ष सरकार पर हावी होने का काम कर रही है। वहीं, मनोहर सरकार के मंत्री मामले में लगातार अपना बचाव कर रहे है। पंचकूला पहुंची हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने कहा कि मामला सामने आने के बाद अधिकारियों को सभी होटलों की चेकिंग के लिए बोला गया है। पंचकूला महिला थाना प्रभारी राजेश कुमार की ओर से मोरनी गैंगरेप मामले में बरती गई लापरवाही पर कविता जैन ने कहा कि वो इसकी जांच के लिए कहेंगी और यदि एसएचओ ने जानबूझकर लापरवाही की होगी तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
महिला कांग्रेस के प्रदर्शन पर कविता जैन ने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा को लेकर कानून ला रही है, लेकिन इसे रोकने के लिए सामाजिक धारणा को भी बदलना होगा।
मोरनी गैंगरेप को लेकर जहां एक ओर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। वहीं, सरकार मामले में जांच कराने की बात कहकर जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिला रही है, लेकिन यहां सवाल ये उठता है कि जब पीड़िता शुरूआत में पंचकूला पुलिस के पास गई तो उस समय उसकी शिकायत पर क्यों नहीं कार्रवाई की गई ? खैर अब देखने होगा कि मामले में और कितने राज से पर्दा उठेगा ?
