ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी जनक्रांति रथ यात्रा के चौथे चरण की शुरूआत टोहाना से की। इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। हुडडा ने कहा कि उनके समय में हरियाणा में धान 5 हजार रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब के बिका, लेकिन आज धान 1750 रुपये बिक रहा है। इतना ही नहीं सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करती है, लेकिन बीजेपी सरकार पक्के कर्मचारियों को कच्चा करने का काम कर रही है।
हुड्डा ने कहा कि यदि उनकी सरकार आई तो वो बुढापा पेंशन 3 हजार रुपये प्रति माह करने का काम करेंगे। हुड्डा ने हरियाणा में बढ़ते नशे के जाल पर कहा कि उन्होंने कभी भी हरियाणा में नशा घुसने नहीं दिया, लेकिन आज धडल्ले से नशा बिक रहा है। सरकार नशा रोकने में विफल रही है। हुड्डा ने कहा कि सरकार में आने पर वो किसी भी किसान की जमीन नीलाम नहीं होने देंगे। आज सरकार ने बिजली के दाम फुल कर दिए है और बिजली गुल कर दी है, लेकिन सरकार आने पर वो बिजली के दाम आधे कर देंगे। साथ ही हुड्डा ने कहा कि वो किसी भी सूरत में पार्टी की टिकट बिकने नहीं देंगे।

