ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में नशे के चक्कर में हत्या होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। फतेहाबाद के हसंगा गांव में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में कस्सी से काटकर पत्नी की हत्या कर दी। इस दौरान मां को बचाने के लिए बीच बचाव करने आई 13 साल की बच्ची भी घायल हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी जगदीश काजला ने बताया कि हसंगा गांव निवासी राम सिंह शराब पीने का आदि है। शराब पीने को लेकर ही अकसर पति-पत्नी के बीच झगड़ा भी होता था। डीएसपी ने बताया कि रोजाना की तरह राम सिंह रात को भी नशे में घर पहुंचा था। घर पहुंचने पर उसने खाना भी नहीं खाया। करीब 3 बजे उसने कस्सी से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। राम सिंह जब अपनी पत्नी पर हमला कर रहा था। उसी दौरान उनकी 13 साल की बच्ची की नींद खुल गई और वो बीच बचाव करने लगी, लेकिन इस पर भी राम सिंह ने पत्नी पर हमला करना बंद नहीं किया। हमले में बच्ची को भी कईं चोटें लगी है। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी राम सिंह को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।

