ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: अब तक विपक्ष के अलावा केवल मनोहर सरकार के कुछ मंत्री और विधायक ही अधिकारियों पर मनमर्जी करने के आरोप लगाते थे, लेकिन अब बीजेपी के कार्यकर्ता और सरपंच भी खुलेआम मंत्रियों के सामने अधिकारियों की मनमर्जी का आरोप लगा रहे है। इतना ही नहीं बीजेपी कार्यकर्ता मनोहर सरकार के सबका साथ सबका विकास स्लोगन की भी सच्चाई बता रहे है, कैसे अधिकारियों की मनमर्जी के चलते उनके इलाके का विकास नहीं हो रहा।
जी हां ! ये पूरा मामला अंबाला में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में सामने आया। असल में परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार कष्ट निवारण समिति की बैठक में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उसी दौरान मुलाना के सरपंच और कष्ट निवारण समिति के सदस्य ने मंत्री जी के सामने जो कुछ कहा, उसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। सरपंच ने बताया कि तीन साल पहले उनके इलाके को रुलर अर्बन कलेक्टर में लिया था। उस दौरान 120 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाने की घोषणा की गई थी। ढाई साल में इसे लेकर 20 बार मीटिंग हुई, लेकिन कोई काम नहीं हुआ। अब इलाके के 16 गांवों के सरपंचों ने किसी भी मीटिंग में भी जाने से इंकार कर दिया है।
सरपंच ने बताया कि उनके इलाके की विधायक की ओर से जो ग्रांट उनके गांव के विकास के लिए जारी की जाती है, अधिकारी उसे भी नहीं देते। ऐसे में आखिर वो जाएं तो जाएं कहां ? इतना ही नहीं मीटिंग में अधिकारियों की मनमर्जी की एक और शिकायत भी आई। शिकायत में कहा गया कि बिजली निगम के अधिकारी अपनी मर्जी से कभी भी कट लगा देते है और उसके बारे में कोई सूचना भी नहीं दी जाती। कट लगने पर जब शिकायत के लिए फोन किया जाता है तो कोई भी कर्मचारी और अधिकारी फोन भी नहीं उठाते। इस पर परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने डीसी को कहा कि यदि कोई अधिकारी फोन नहीं उठाता तो उस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
बाद में मंत्री जी ने कहा कि फोन न उठाने बारे जब भी कोई लिखित में शिकायत देगा तो उस पर जरूर कार्रवाई की जाएगी, लेकिन मीटिंग में आई शिकायत पर कार्रवाई के बारे में मंत्री जी ने कुछ नहीं कहा। इन सब बातों से जहां सीएम मनोहर लाल के सबका साथ सबका विकास के साथ हरियाणा एक हरियाणवीं एक के नारे की भी सच्चाई आसानी से पता चल जाती है। खैर देखना होगा कि अब जब एक साधारण कार्यकर्ता भी अधिकारियों की मनमर्जी के चलते विकास कार्य न होने की शिकायत कर रहा है तो सरकार उस पर क्या एक्शन लेगी ?



