ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: रोहतक की सुनारिया जेल में बंद बाबा राम रहीम की सुरक्षा को जेल में कड़ा कर दिया गया है, जिसमे जेल के सुपरिडेंट को भी बाबा से मिलने से पहले चेकिंग से गुजरना होगा। हालांकि हरियाणा के जेल मंत्री इसे काम का एक हिस्सा बताते हुए सुरक्षा की दृष्टि से ऐसा करना बता रहे है।
साध्वी यौन शोषण मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में 20 साल की सजा काट रहे राम रहीम को लेकर हरियाणा सरकार पहले भी कई बार सवालों के घेरे में आ चुकी है। अब सरकार ने जेल में बंद राम रहीम की सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाया है। सुनारिया जेल में बंद गुरमीत राम रहीम की सुरक्षा को अब पहले से ज्यादा कड़ा कर दिया गया है। अब जेल में बंद राम रहीम के पास कोई भी बिना चेकिंग के नहीं पहुंच पाएगा। इतना ही नहीं जेल सुपरिटेंडेंट को भी बिना चेकिंग के राम रहीम के पास नहीं जाने दिया जाएगा। इस पूरे मामले पर हरियाणा के जेल मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि कोई भी अंदर जाए फिर वो चाहे मंत्री हो या जेल अधीक्षक यदि किसी पर शक होता है तो उसकी चेकिंग की जाएगी, ये ड्यूटी का एक पार्ट है।
अंबाला जेल में बंद गुरमीत राम रहीम की राजदार हनीप्रीत की ओर से पंचकूला कोर्ट में रोजाना अपने परिवार वालों से फोन पर बात करने की अर्जी लगाने बारे सवाल पर जेल मंत्री ने कहा कि हनीप्रीत ने परिवार के जिन लोगों के नाम जेल प्रशासन को दिए थे, उनसे उन्हें शुरू से ही मिलने दिया जा रहा है। वो उनसे मिल भी रही है। उन्होंने कोर्ट में फोन पर बात करने की अर्जी लगाई है जिस पर कोर्ट का फैसला अभी आना है।
भले ही जेल मंत्री राम रहीम की सुरक्षा को लेकर कोई भी तर्क या हवाला दे, लेकिन इसके पीछे असली कारण कुछ और ही है। चर्चा ये भी है कि बागपत जेल में कुख्यात गैंगस्टर मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद सुनारिया जेल प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाई है। इसमें खास तौर पर गुरमीत राम रहीम के लिए कड़े इंतजाम किए गए है। गौरतलब है कि जेल में बंद राम रहीम को पहले ही 3 घेरों की निगरानी में रखा गया है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी हर पल नजर रखी जा रही है।



