ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सिरसा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दिल्ली पुल पर एक कार से एक किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी मार्केट कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बरामद कार और हेरोइन कब्जे में लेकर हेरोइन लेकर आ रहे व्यक्ति को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान में अब पुलिस को सफलता मिलनी शुरू हो गई है। एसपी हामिद अख्तर ने बताया की सिरसा के एंट्री प्वाइंट पर दिल्ली पुल के समीप गश्त के दौरान सीआईए स्टाफ की टीम ने एक कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को कार में से एक किलो हेरोइन बरामद हुई। बरामद हुई हेरोइन की कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एसपी ने बताया कि मौके से सिरसा की नई हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी प्रवीण को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चार किलो हेरोइन बरामद कर चुकी है। इसके अलावा 100 मामले दर्ज कर 150 से लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है, लेकिन उसके बाद भी इलाके में नशे का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। देखने वाली बात ये होगी कि पुलिस की इस मुहिम के बाद इलाके में नशे के कारोबार में कितनी कमी आती है।

