ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: भिवानी के सिवानी इलाके में बाइक सवार एक बदमाश कार सवार व्यापारी को चकमा देकर उसकी इनोवा कार का शीशा तोड़कर लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। घंघाला गांव निवासी नरेश अग्रवाल ने बताया कि वो अपनी भांजी की शादी में जा रहा था। उसके लिए उन्होंने बैंक से 4 लाख रुपये निकलवाए थे। इसमें से उन्होंने 16 हजार रुपये की खरीदारी की और बचे हुए बैसे कार में रख दिए। खरीदारी करने के बाद जब वो वहां से चले तो बाइक सवार एक युवक ने कार का टायर पंचर होने की बात कही।
इस पर वो हनुमान गेट पर कार का पंचर लगवाने लगे। पंचर लगवाने के बाद जब वो कार के पास गए तो कार का शीशा टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी भी गायब थी। कार से लाखों रुपये की नकदी गायब होने पर नरेश ने तुरंत कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सिटी थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चैक की जा रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का भी दावा किया।


