ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: एक पुरानी कहावत है कि लालच बुरी बला है। इसे जानने के बाद भी इंसान आमतौर पर किसी न किसी चीज को लेकर लालच कर ही बैठता है। ऐसे ही एक लालच में फंस कर बवानीखेड़ा का नरेश शर्मा आज सलाखों के पीछे पहुंच गया है। बवानी खेड़ा निवासी नरेश शर्मा कबाड़ी का काम करता था। नरेश ने कुछ लोगों को उधारी में पैसा दिया हुआ था। युवक जब नरेश का उधार नहीं चुका पाए तो उसने उन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। नरेश के दबाव के चलते वो युवा बाइक चोरी करने लग गए। बाइक चोरी करने के बाद वो उसे नरेश के पास सस्ते दामों में बेच देते।
युवकों से खरीदी गई बाइक को नरेश टूकड़ों में करके आगे महंगे दामों में बेच देता था। इस बात का खुलासा पुलिस के हत्थे चढ़े दो बाइक चोर युवकों ने किया। बाइक चोर युवकों से नरेश के बारे में पता चलते ही पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद नरेश ने कबूल किया कि उसने युवकों से 10 मोटरसाइकिल खरीदी है, जिन्हें सस्ते में खरीदकर वो काटकर आगे बेच देता था। सिविल लाइन थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि चोरों की निशानदेही पर नरेश को पकड़ा है। उससे चोरी की खरीदी गई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस नरेश से पूछताछ कर रही है।


